स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की 3/25 यूपी एनसीसी कम्पनी द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से "हरित संकल्प दौड़" एवं "पौधरोपण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 75 एनसीसी कैडेटों ने जोश और उत्साह के साथ दौड़ में प्रतिभाग किया तथा "एक पेड़–माँ के नाम", "पेड़ लगाओ–जीवन बचाओ", "हरा-भरा होगा भारत, तभी सुरक्षित होगा भविष्य", "धरती का यही है श्रृंगार, पेड़-पौधों से है संसार" और "आज लगाएंगे एक-एक पौधा, कल मिलेगा शुद्ध पर्यावरण का तोहफा" जैसे प्रेरक नारों के उद्घोष से पूरे विश्वविद्यालय परिसर को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से गुंजायमान कर दिया। इसके उपरांत कैडेटों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पी. बी. सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही हरित एवं स्वच्छ भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। मुख्य अतिथि एवं वित्त अधिकारी श्रीमती अर्चना त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। अधिक से अधिक पौधे लगाकर तथा उनका संरक्षण करके ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और स्वस्थ पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। विशिष्ट अतिथि एवं कुलसचिव श्री वीरेंद्र कुमार मौर्य ने एनसीसी कैडेटों के अनुशासन एवं सामाजिक दायित्वों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे क्षेत्रीय वन अधिकारी, शाहजहांपुर शत्रुघ्न प्रसाद ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संयोजक एवं विश्वविद्यालय के एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ आलोक कुमार सिंह ने कहा कि "हरित संकल्प दौड़" का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। इस अवसर पर प्रो. अनुराग अग्रवाल, प्रो. आलोक मिश्रा, प्रो. आदित्य कुमार सिंह, प्रो. पूनम, प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. प्रांजल शाही, अजय सिंह राणा, सुशील कुमार, हवलदार अरुण कुमार, जुल्फिकार अहमद, सीनियर अंडर ऑफिसर आशु सिंह चौहान, अंडर ऑफिसर प्रतीक्षा सिंह सहित लगभग 75 एनसीसी कैडेट उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।